किराया वसूली से लेकर सुरक्षा इंतजामों तक मिलीं खामियां, नियमों का पालन नहीं करने पर होगी कार्रवाई
राजू खान :-
कोरिया/छत्तीसगढ़। कोरिया जिले में यात्री बसों के संचालन में लापरवाही और नियमों के उल्लंघन को लेकर जिला परिवहन विभाग ने जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान विभिन्न अनियमितताएं सामने आने पर एक बस जब्त की गई, जबकि कुछ बस संचालकों को नोटिस जारी कर कमियां दूर करने के लिए 10 दिन का समय दिया गया है।
जिला परिवहन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विभिन्न मार्गों पर संचालित यात्री बसों और मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के अंतर्गत चलने वाली बसों की जांच की गई। इस दौरान चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस एवं आधार कार्ड उपलब्ध नहीं होने, कंडक्टर द्वारा निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूलने और बस में किराया सूची प्रदर्शित नहीं करने जैसी अनियमितताएं पाई गईं।
सुरक्षा इंतजामों में भी मिली कमियां
जांच के दौरान बसों में अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन खिड़की एवं निकास द्वार, सीसीटीवी कैमरे और प्राथमिक उपचार पेटी जैसी जरूरी सुरक्षा सुविधाओं की भी पड़ताल की गई। इनमें कमियां मिलने पर संबंधित बस संचालकों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।
यात्रियों से लिया गया फीडबैक
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत संचालित बस सेवाओं को लेकर यात्रियों से फीडबैक भी लिया गया। परिवहन विभाग ने बस संचालकों को निर्धारित किराया सूची प्रदर्शित करने, वाहनों में साफ-सफाई बनाए रखने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की हिदायत दी है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि नोटिस प्राप्त बस संचालक निर्धारित 10 दिनों के भीतर कमियां दूर कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। यात्री बसों में नियमों का पालन और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना इस जांच अभियान का प्रमुख उद्देश्य रहा।
27°C
Mostly Cloudy