राजू खान :-
कोरिया। बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रदेशभर में संचालित ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत गंगा श्री होटल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की और साइबर अपराधों से बचाव के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरिया श्री अभिषेक सिंह एवं साइबर सेल कोरिया के समस्त स्टाफ ने उपस्थित करीब 250 लोगों को ऑनलाइन ठगी और डिजिटल धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान फर्जी कॉल, OTP और PIN साझा करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल पेमेंट से होने वाली धोखाधड़ी सहित साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों से लोगों को अवगत कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग, व्यक्तिगत या गोपनीय जानकारी साझा न करें और संदिग्ध कॉल, मैसेज तथा लिंक से हमेशा सावधान रहें।
साइबर ठगी का शिकार होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और आर्थिक नुकसान को कम किया जा सके।
कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए साइबर सेल के स्टाफ ने उपस्थित लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। वहीं, करीब 150 सहभागियों ने सोशल मीडिया पर साइबर जागरूकता से संबंधित पोस्ट साझा कर इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया।
यह जागरूकता कार्यक्रम ग्रामीण कोटा क्रेडिट एक्सेस फाउंडेशन के आयोजन के अंतर्गत संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करना और डिजिटल लेनदेन के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी देना रहा।
साइबर अपराध से बचाव के लिए पुलिस की अपील
कोरिया पुलिस द्वारा ‘साइबर जागृति अभियान’ के माध्यम से लगातार आमजन को सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण के लिए जागरूक किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे स्वयं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी डिजिटल सुरक्षा के प्रति सतर्क करें।
27°C
Mostly Cloudy