बिजली की बदहाल व्यवस्था बार-बार बिजली गुल होने, व्यापार प्रभावित होने और हेल्पलाइन सुविधा नहीं मिलने पर कनिष्ठ अभियंता को सौंपा ज्ञापन,
राजू खान :-
छत्तीसगढ़ /कोरिया। नगर पंचायत पटना में लगातार चरमराई विद्युत व्यवस्था को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कनिष्ठ अभियंता को ज्ञापन सौंपकर एक सप्ताह के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समयावधि में समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बिजली कार्यालय का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।
सांसद प्रतिनिधि दीपक खत्री के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि नगर पंचायत पटना में आए दिन घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। हल्की हवा या बारिश होते ही चार से पांच घंटे तक बिजली गुल हो जाती है, जिससे आम नागरिकों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बिजली कटौती से व्यापार प्रभावित हो रहा है, बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है तथा पेयजल आपूर्ति सहित दैनिक कार्यों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बरसात के मौसम में जर्जर विद्युत व्यवस्था के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है, लेकिन विभाग की ओर से समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई प्रभावी पहल नहीं की जा रही है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि बिजली विभाग द्वारा शिकायत दर्ज कराने के लिए कोई हेल्पलाइन अथवा संपर्क नंबर उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर जानकारी और सहायता नहीं मिल पाती।
कांग्रेस ने विभाग से मांग की है कि एक सप्ताह के भीतर बार-बार बिजली गुल होने की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए तथा उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध कराया जाए। अन्यथा कांग्रेस कार्यकर्ता बिजली कार्यालय का घेराव कर जनआंदोलन करेंगे।
इस दौरान दीपक खत्री, अमन देवांगन, परेश सिंह, रंजीत चाफेकर, आशीष अग्रहरी, फरोग सिद्दीकी, अल्ताफ खान, दीपक सोनी एवं इस्माइल खान सहित कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
27°C
Mostly Cloudy