मुख्यमंत्री ने हिमालय उत्पाद एवं शॉल भेंट कर दी शुभकामनाएं, देवभूमि–छत्तीसगढ़ के बीच संवाद बढ़ाने पर दिया जोर
राजू खान :-
छत्तीसगढ़ /कोरिया। कोरिया जिले सहित पूरे सरगुजा संभाग के लिए गौरव का विषय है कि जिले के युवा साहित्यकार, समाजसेवी, वर्ल्ड रिकॉर्डधारी कलमकार एवं जनहित संघ अंतर्गत पण्डो विकास समिति के केंद्रीय उपाध्यक्ष तथा सम्यक क्रांति सूरजपुर संस्करण के संपादक संवर्त कुमार 'रूप' ने देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर सार्थक संवाद किया।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत, पर्यटन, संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहर, प्रशासनिक व्यवस्था एवं प्रवासी व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहर को विश्व पटल पर और अधिक पहचान दिलाना है।
मुख्यमंत्री ने बातचीत के दौरान कहा कि "मेरा बचपन मध्यप्रांत में बीता है। वहीं मेरी प्रारंभिक शिक्षा हुई, इसलिए छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश से मेरा विशेष आत्मीय जुड़ाव रहा है।" उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के बीच सांस्कृतिक एवं सामाजिक संवाद को और मजबूत करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संवर्त कुमार 'रूप' को पहाड़ी किसान महिलाओं द्वारा निर्मित हाउस ऑफ हिमालय के उत्पाद एवं हिमालयी शॉल भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही आगामी हरिद्वार कुंभ में छत्तीसगढ़ की जनता एवं श्री रूप को विशेष रूप से आमंत्रित किया।
यह मुलाकात कोरिया जिले और सरगुजा संभाग के लिए सम्मान एवं गौरव का विषय मानी जा रही है।
27°C
Mostly Cloudy