महत्वपूर्ण सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गोपनीय, पुलिस ने जारी किए संपर्क नंबर
राजू खान :-
कोरिया/बैकुण्ठपुर। थाना बैकुण्ठपुर क्षेत्र में नाबालिग बालिका आत्महत्या प्रकरण में फरार तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक कोरिया श्री रवि कुमार कुर्रे (भा.पु.से.) ने ₹5,000 के नगद पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस रेग्युलेशन के प्रावधानों के तहत यह पुरस्कार आरोपियों की गिरफ्तारी में सहायक महत्वपूर्ण सूचना देने वाले व्यक्ति को दिया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को प्रार्थी शिवनाथ पैकरा, निवासी पुलिस लाइन बैकुण्ठपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री कुमारी पूजा पैकरा पर आईसी मार्ट में चोरी का आरोप लगाकर आरोपियों ने ₹50,000 की मांग की, उसकी स्कूटी छीन ली तथा लगातार प्रताड़ित किया। इससे आहत होकर बालिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
प्रकरण में थाना बैकुण्ठपुर में अपराध क्रमांक 214/2026 के तहत धारा 107, 308(2), 309(4), 296 बीएनएस एवं एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(व्ही) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
इस मामले में आरोपी विनोद बैद, जगत कुमार बैद एवं दीपक बैद, सभी निवासी कुमार चौक, बैकुण्ठपुर, घटना के बाद से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है, लेकिन अब तक उनका पता नहीं चल सका है।
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि फरार आरोपियों के संबंध में कोई भी महत्वपूर्ण सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले को ₹5,000 का नगद पुरस्कार दिया जाएगा तथा उसकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
संपर्क नंबर:
पुलिस अधीक्षक, जिला कोरिया – 9479193700
पुलिस अनुविभागीय अधिकारी, बैकुण्ठपुर – 9479193704
थाना प्रभारी, आजाक थाना बैकुण्ठपुर – 9479193705
पुलिस कंट्रोल रूम – 9479193799