राजू खान :-
छत्तीसगढ़/कोरिया। कोरिया जिले के बहुचर्चित नौगई ट्रिपल मर्डर मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। छत्तीसगढ़ सरकार ने मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराने के लिए अपनी सहमति दे दी है। लंबे समय से मृतकों के परिजन इस जघन्य हत्याकांड की CBI जांच की मांग कर रहे थे। सरकार के इस फैसले के बाद निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की उम्मीद और मजबूत हुई है।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को पीड़ित परिवार के सदस्यों से चर्चा की। बातचीत के बाद राज्य सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए CBI जांच के लिए सहमति देने का निर्णय लिया। परिजन लगातार निष्पक्ष जांच और दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग कर रहे थे।
उल्लेखनीय है कि 16 जून की रात कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र के ग्राम नौगई में हुए तिहरे हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। इस वारदात में भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह, नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह की कथित रूप से वाहन में आग लगाकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद प्रदेशभर में आक्रोश फैल गया था और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई थी।
अब राज्य सरकार द्वारा CBI जांच को मंजूरी दिए जाने के बाद इस बहुचर्चित हत्याकांड की जांच नए सिरे से केंद्रीय एजेंसी के हाथों होगी, जिससे पीड़ित परिवार और आमजन को न्याय मिलने की उम्मीद और प्रबल हो गई है।
27°C
Mostly Cloudy