राजू खान :-
कोरिया/छत्तीसगढ़। जिले के सोनहत थाना क्षेत्र में महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। मामले में मृतिका के पति को ही हत्या का आरोपी पाते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक कोरिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे तथा एसडीओपी राजेश साहू के मार्गदर्शन में थाना सोनहत पुलिस टीम ने इस मामले में महत्वपूर्ण कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनहत से पुलिस को सूचना मिली थी कि बॉबी नामक महिला की सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हो गई है। घटना के बाद मृतिका के पति ने थाना पहुंचकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया और झूठी जानकारी देते हुए बताया कि उसकी पत्नी की मौत उसके बेटे द्वारा मारपीट करने से हुई है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सोनहत ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। विभिन्न पहलुओं पर गहन पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ, जिसके बाद सच्चाई सामने आई कि महिला की हत्या उसके पति विशेष कुमार ने शराब के नशे में की थी। खुद को बचाने के लिए आरोपी अपने बेटे पर झूठा आरोप लगाकर पुलिस को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा था।
थाना सोनहत पुलिस टीम में निरीक्षक विनोद पासवान, प्रशिक्षु उप निरीक्षक धलेन्द्र प्रसाद भारती, सहायक उप निरीक्षक हेमपाल सिंह, प्रधान आरक्षक अमर टोप्पो, महिला प्रधान आरक्षक लूना सिंह, आरक्षक रमेश यादव एवं आरक्षक केशव सोनवानी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी विशेष कुमार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
27°C
Mostly Cloudy