ट्रांसफार्मर सुधार, लो वोल्टेज समस्या का समाधान और बिजली खंभे संबंधी शिकायत का किया गया निराकरण
राजू खान :-
छत्तीसगढ़/कोरिया स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निराकरण की दिशा में लगातार कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में प्राप्त तीन अलग-अलग शिकायतों पर विभाग द्वारा जांच कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ताओं को जानकारी उपलब्ध कराई गई।
ग्राम कसरा (कटहलपारा) निवासी रवि साहू द्वारा सीएम हेल्पलाइन में ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत की जांच में पाया गया कि ट्रांसफार्मर का केबल जल गया था। वितरण केंद्र पटना के कर्मचारियों द्वारा क्षतिग्रस्त केबल बदलकर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत रामपुर निवासी आकाश सिंह द्वारा लो वोल्टेज की समस्या संबंधी शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत प्राप्त होने के बाद विभागीय अमले ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा क्षतिग्रस्त केबल बदलने सहित अन्य तकनीकी त्रुटियों का सुधार किया। विभाग के अनुसार शिकायतकर्ता की उपस्थिति में लो वोल्टेज की समस्या का समाधान कर दिया गया।
एक अन्य प्रकरण में श्रीमती राजेश्वरी राजवादी द्वारा बिजली खंभा लगाए जाने की मांग संबंधी शिकायत दर्ज कराई गई थी। विभागीय जांच में यह पाया गया कि संबंधित उपभोक्ता को पूर्व में 25 अप्रैल 2025 को विद्युत खंभा स्थापना के लिए डिमांड नोट जारी किया गया था, लेकिन निर्धारित राशि जमा नहीं किए जाने के कारण आगे की कार्रवाई नहीं हो सकी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता द्वारा नया विद्युत कनेक्शन आवेदन प्रस्तुत करने पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
27°C
Mostly Cloudy