राजू खान :-
जनहित संघ अंतर्गत पंडो विकास समिति का आयोजन, युवाओं, माताओं-बहनों और ग्रामीणों की रही उत्साहपूर्ण भागीदारी
छत्तीसगढ़/एमसीबी।चांग भखार की आराध्य देवी मां चांग माता के पावन धाम में आयोजित विशाल भोग-भंडारे में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। जनहित संघ अंतर्गत पंडो विकास समिति द्वारा आयोजित इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के दूर-दराज गांवों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने मां चांग माता के दर्शन-पूजन कर प्रसाद ग्रहण किया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भक्तों की भारी भीड़ से गुलजार रहा। मां चांग माता के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। भोग-भंडारे में युवाओं, माताओं-बहनों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। सर्वप्रथम जनहित संघ के केंद्रीय उपाध्यक्ष संवर्त कुमार रूप ने मां चांग माता को विधिवत खीर का भोग अर्पित किया, जिसके पश्चात प्रसाद वितरण का क्रम प्रारंभ हुआ।
आयोजन समिति के अनुसार मां चांग माता चांग भखार क्षेत्र की लोकआस्था का प्रमुख केंद्र हैं, जहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सामाजिक एकता, धार्मिक चेतना और जनकल्याण की भावना से भोग-भंडारे का आयोजन किया गया।
भंडारे में शामिल श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में भाईचारे, सहयोग और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, बैठने और प्रसाद वितरण की समुचित व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, युवा एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मां चांग माता के चरणों में क्षेत्र की उन्नति, शांति और समृद्धि की कामना की।
भोग-भंडारे के सफल आयोजन ने एक बार फिर साबित किया कि चांग भखार की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं आज भी लोगों को एक सूत्र में बांधने का कार्य कर रही हैं। मां चांग माता के दरबार में उमड़ी श्रद्धालुओं की आस्था और सेवा भावना ने पूरे आयोजन को भव्य एवं यादगार बना दिया।
27°C
Mostly Cloudy