नौगई गांव में आधी रात बेकाबू हुआ विवाद, फॉर्च्यूनर को टक्कर मारकर आग लगाने का आरोप; पुलिस, फॉरेंसिक और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर डटे
राजू खान :-
कोरिया/छत्तीसगढ़।जिले के सोनहत क्षेत्र में रेत कारोबार की रंजिश ने मंगलवार रात ऐसा भयावह रूप ले लिया कि पूरा इलाका दहल उठा। नौगई गांव में दो पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक फॉर्च्यूनर वाहन को पहले भारी वाहन से टक्कर मारी गई और बाद में उसमें आग लगा दी गई, जिससे वाहन आग का गोला बन गया।
इस खौफनाक घटना में भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे वीरेंद्र सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना में नागेंद्र सिंह को रायपुर ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है। घायलों को पहले अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर उन्हें रायपुर रेफर किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रेत कारोबार को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनातनी चल रही थी। मंगलवार रात कथित रूप से फोन पर हुई कहासुनी ने विवाद को और भड़का दिया। देर रात दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते माहौल हिंसक हो गया। आरोप है कि इसी दौरान वाहनों को निशाना बनाते हुए आगजनी की वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक विशेषज्ञों और वरिष्ठ अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है तथा अतिरिक्त बल तैनात कर हालात पर नजर रखी जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने मामले में कई संदिग्धों को रडार पर लिया है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसियां घटना के हर पहलू की गहन पड़ताल कर रही हैं।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई हो जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। फिलहाल पूरे जिले की निगाहें पुलिस जांच और आगामी कानूनी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
27°C
Mostly Cloudy