लगातार दो सत्रों में 100% उपस्थिति पर शिक्षक सुनील जायसवाल सम्मानित
राजू खान :-
कोरिया/छत्तीसगढ़। शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय, पटना शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। सत्र 2023-24 से प्रारंभ हुए इस विद्यालय ने अल्प समय में ही अपनी कार्यप्रणाली, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बल पर एक अलग पहचान बना ली है।
विद्यालय में प्रारंभ से ही दोनों पालियों में सुव्यवस्थित एवं प्रभावी संचालन किया जा रहा है। प्रथम पाली में संचालन प्रभारी के रूप में व्याख्याता (गणित) श्री सुनील कुमार जायसवाल ने प्रशासनिक जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया, वहीं द्वितीय पाली में भी शिक्षण कार्य पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संपन्न होता रहा।
विशेष बात यह रही कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान भी प्रवेश प्रक्रिया लगातार जारी रखी गई, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस विद्यालय से जुड़ने का अवसर मिला। वहीं दशहरा और दीपावली अवकाश के समय भी विद्यालय परिसर में अधोसंरचना विकास के कार्य कराए गए, जो प्रबंधन की सक्रियता और दूरदर्शिता को दर्शाता है।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय गणित एवं विज्ञान प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया। साथ ही विज्ञान मॉडल और कला उत्सव में राज्य स्तर पर भाग लेकर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। बोर्ड परीक्षाओं में भी विद्यालय का परिणाम उत्कृष्ट रहा, जो शिक्षकों की मेहनत और विद्यार्थियों की लगन का प्रमाण है।
इसी कड़ी में, विद्यालय के शिक्षक श्री सुनील कुमार जायसवाल को लगातार दो शैक्षणिक सत्र (2024-25 एवं 2025-26) में शत-प्रतिशत उपस्थिति बनाए रखने के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनकी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और शिक्षा के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
विद्यालय परिवार के इन सतत प्रयासों से न केवल शिक्षा की गुणवत्ता में वृद्धि हो रही है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को भी नई दिशा मिल रही है।
27°C
Mostly Cloudy