साइबर ठगी और बैंकिंग धोखाधड़ी रोकने पुलिस अलर्ट, बैंक कर्मचारियों को दिए अहम निर्देश
राजू खान :-
कोरिया/छत्तीसगढ़। जिले में बढ़ते साइबर अपराध और बैंकिंग धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से थाना पटना पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान चलाया। थाना प्रभारी पटना निरीक्षक प्रमोद पाण्डेय ने अपने पुलिस स्टाफ के साथ थाना क्षेत्र अंतर्गत संचालित भारतीय स्टेट बैंक, ग्रामीण बैंक, जिला सहकारी बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया सहित अन्य बैंकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी ने बैंक प्रबंधकों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि बैंक परिसर में कोई संदिग्ध व्यक्ति, फर्जी लेन-देन करने वाला, दलाल, धोखाधड़ी करने वाला अथवा ऋण बढ़ोतरी के नाम पर लोगों को भ्रमित करने वाला व्यक्ति दिखाई देता है, तो इसकी सूचना तत्काल थाना पटना पुलिस को दी जाए।
इसके अलावा यदि कोई व्यक्ति किसी अन्य का एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक या बैंक दस्तावेज लेकर संदिग्ध गतिविधियां करते हुए पाया जाता है, तो उस पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी ने बैंक परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरों को हमेशा चालू स्थिति में रखने और बैंक आने वाले ग्राहकों को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।
निरीक्षक प्रमोद पाण्डेय ने कहा कि समय पर सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा त्वरित वैधानिक कार्रवाई कर संभावित साइबर अपराध एवं बैंकिंग धोखाधड़ी को रोका जा सकता है। पुलिस की इस पहल से बैंक ग्राहकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है तथा अपराधियों में हड़कंप का माहौल देखा जा रहा है।
27°C
Mostly Cloudy