कोरिया /छत्तीसगढ़। बैकुण्ठपुर-शहर के कुमार गार्डन में जिला जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के तत्वावधान में 76वां गणतंत्र दिवस गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के साथ हुई। इसके पश्चात उपस्थित पत्रकारों एवं अतिथियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी निष्ठा और सम्मान प्रकट किया। तिरंगा आरोहण के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से सराबोर नजर आया।
इस अवसर पर जिला जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के संस्थापक चंद्रकांत पारगीर ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्रदान की है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ है और पत्रकारों को निष्पक्ष, निर्भीक एवं जिम्मेदार पत्रकारिता करते हुए समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष महेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान की मर्यादाओं के साथ अपने कर्तव्यों का भी स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज और शासन के बीच सेतु की भूमिका निभाते हैं, इसलिए सत्य, निष्पक्षता और जनहित सर्वोपरि होना चाहिए।
वहीं जिला महासचिव दीपक सिंह चौहान ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी देते हुए पत्रकारों की एकजुटता को समय की आवश्यकता बताया और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रशांत मिश्रा, फारुक ढेबर, सह सचिव कमलेश, उपाध्यक्ष निलेश तिवारी, राजु शर्मा, राजु खान, विशाल सिंह, ऋतिक शिवहरे, आयुष नामदेव, ऋषि सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित रहे।