कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने निहारा गौरघाट का मनमोहक प्राकृतिक सौंदर्य,
पर्यटकों से सुरक्षित यात्रा और स्वच्छता की अपील
राजू खान :-
कोरिया/छतीसगढ़। कोरिया प्रकृति की अनुपम छटा और हरियाली की चादर ओढ़े कोरिया जिले में इन दिनों बारिश ने खूबसूरती में चार चांद लगा दिए हैं। सावन-भादो की बारिश, पहाड़ों से गिरते झरने, कल-कल बहती नदियां, ठंडी हवाएं और जंगलों की हरियाली पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। इन्हीं मनमोहक नजारों के बीच गौरघाट का दूधिया जलप्रपात इन दिनों लोगों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
बरसात के मौसम में पहाड़ों से गिरता सफेद झरने का पानी जब चट्टानों से टकराता है तो पूरा दृश्य मानो दूधिया आभा से भर उठता है। आसपास की हरियाली, चिड़ियों की चहचहाहट और हवा के साथ झूमती पेड़ों की डालियां इस प्राकृतिक सौंदर्य को और भी जीवंत बना देती हैं।
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने भी गौरघाट जलप्रपात का भ्रमण कर यहां के अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। उन्होंने जलप्रपात की खूबसूरत वादियों और मनमोहक दृश्यों को करीब से निहारा।
गौरघाट की खूबसूरती से अभिभूत कलेक्टर ने कहा कि कोरिया का यह दूधिया जलप्रपात निश्चित रूप से पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करने वाला प्राकृतिक स्थल है।
👉गौरघाट में सावन ने सजाया प्रकृति का संगीत
कलेक्टर श्रीमती यादव ने कहा कि उन्हें रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्य करने का अवसर मिला है। इस दौरान प्रदेश के अनेक नदी, पहाड़, जंगल और स्थानीय संस्कृति को करीब से देखने का अवसर प्राप्त हुआ, लेकिन गौरघाट का प्राकृतिक सौंदर्य अपने आप में विशेष है।
उन्होंने कहा कि जलप्रपात से गिरते पानी की आवाज, आसपास चहचहाते पक्षी और हवा के साथ झूमती पेड़ों की डालियां ऐसा एहसास कराती हैं, मानो सावन-भादो के इन महीनों में पूरी वादियां प्रकृति के संगीत से सज गई हों।
👉प्राकृतिक सौंदर्य के साथ लोक संस्कृति भी पर्यटकों को करती है आकर्षित
कलेक्टर ने कहा कि पूरा कोरिया जिला पर्यटन की दृष्टि से बेहद खूबसूरत है। पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। किसी भी पर्यटक के लिए किसी स्थान की प्राकृतिक सुंदरता के साथ वहां की लोक संस्कृति, रहन-सहन, खान-पान, बोली और लोगों का आत्मीय व्यवहार भी विशेष आकर्षण का केंद्र होता है। कोरिया की धरती अपनी प्राकृतिक संपदा और आत्मीयता के साथ पर्यटकों के स्वागत के लिए सदैव तैयार है।
👉सुरक्षित यात्रा और स्वच्छता का रखें ध्यान
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने गौरघाट सहित जिले के किसी भी पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों से अपील करते हुए कहा कि वे प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेते समय सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
उन्होंने पर्यटकों से कहा कि फ़ोटो या सेल्फी लेने के समय सावधानी जरूर बरतें। जलप्रपात और पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानीपूर्वक भ्रमण करें तथा किसी भी प्रकार का प्लास्टिक या कचरा खुले में न फेंकें।
उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि वे गौरघाट आएं, इसके दूधिया जलप्रपात की खूबसूरती को निहारें और यहां की प्राकृतिक स्मृतियों को अपने दिलों में संजोकर ले जाएं। प्रकृति की सुंदरता को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है, ऐसे में यादगार को जीवित रखने औऱ आने वाली पीढ़ी के लिए अपने घर, खेत, बाड़ी, तालाब व खुले मैदान में एक पौधा जरूर लगाएं ताकि हरियाली और जिंदगानी बने रहे, बचे रहे।
27°C
Mostly Cloudy