राजू खान :-
कोरिया/छत्तीसगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी बैकुंठपुर-कोरिया के निर्देशानुसार सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं मंडल कांग्रेस कमेटी द्वारा पटना क्षेत्र के अधीन संचालित आदिम जाति सहकारी सेवा समिति पटना एवं गिरजापुर समिति का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण ब्लॉक अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े एवं मंडल अध्यक्ष परेश कुमार सिंह के नेतृत्व में किया गया।
निरीक्षण के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों सहकारी समितियों में उपलब्ध विभिन्न प्रकार के रासायनिक खाद के स्टॉक, वितरण व्यवस्था, एग्री स्टेट तथा किसानों को दिए जा रहे ऋण से संबंधित जानकारी ली। समिति प्रबंधकों से खाद की उपलब्धता, वितरण प्रक्रिया एवं किसानों को मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई।
कांग्रेस नेताओं ने समिति प्रबंधकों को निर्देशित किया कि क्षेत्र के किसानों को खाद, कृषि सामग्री एवं ऋण संबंधी सेवाओं के लिए किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। किसानों को समय पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ समितियों में उपलब्ध खाद एवं अन्य सामग्री के वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
ब्लॉक अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े एवं मंडल अध्यक्ष परेश कुमार सिंह ने कहा कि किसान क्षेत्र की कृषि व्यवस्था की रीढ़ हैं। ऐसे में खेती के महत्वपूर्ण समय पर उन्हें खाद एवं अन्य कृषि आवश्यकताओं के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए समितियों की व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं समिति प्रबंधकों तक उनकी बात पहुंचाई जाएगी।
इस दौरान वसीम खान, आशीष अग्रहरी, सुजीत सोनी, सागर शर्मा एवं अमित पांडे सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
27°C
Mostly Cloudy