उपभोक्ताओं से भरवाए आवेदन, बढ़े बिजली बिलों को लेकर जताई नाराजगी
राजू खान :-
छत्तीसगढ़ /कोरिया। शिवपुर-चरचा नगरपालिका क्षेत्र में स्मार्ट मीटर एवं बढ़े हुए बिजली बिलों के विरोध में कांग्रेस का जनअभियान लगातार जारी है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शिवपुर-चरचा के कार्यकर्ताओं ने घर-घर और व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक पहुंचकर उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनीं तथा स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर आवेदन फार्म भरवाए।
अभियान के दौरान कई उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल में बढ़ोतरी की शिकायत करते हुए नाराजगी जताई। उपभोक्ताओं ने कांग्रेस के ‘बिजली न्याय आंदोलन’ को समर्थन देते हुए स्मार्ट मीटर हटाने तथा बिजली बिलों में राहत देने की मांग को सरकार तक पहुंचाने की बात कही।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की बिजली नीति के कारण आम जनता और व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। पार्टी ने कहा कि स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों के मुद्दे को लेकर घर-घर संपर्क अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कांग्रेस के अनुसार, अभियान के दौरान एकत्रित किए जा रहे आवेदनों के आधार पर आगामी दिनों में बिजली विभाग का घेराव कर स्मार्ट मीटर वापस लेने, बढ़ी बिजली दरों में कमी करने और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग को मजबूती से उठाया जाएगा।
अभियान में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, ब्लॉक अध्यक्ष अजीत लकड़ा, अजय सिंह, हेमसागर यादव, भूपेंद्र यादव, चंद्र प्रकाश राजवाड़े, रियाजउद्दीन, जाग्रत कुर्रे, संजीव सिंह, नेता प्रतिपक्ष शिवपुर-चरचा नगरपालिका लालमुनि यादव, एजाज गुड्डू, आरिफ, विक्रांत सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
27°C
Mostly Cloudy