पटना पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार; न्यायालय के आदेश पर जिला जेल भेजा
राजू खान :-
छत्तीसगढ़ /कोरिया। शराब पीने के लिए पिता से बार-बार पैसे मांगने और पैसे देने से इनकार करने पर मारपीट कर गला दबाकर जान से मारने का प्रयास करने के मामले में पटना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुकेश सोनवानी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद आदेशानुसार जिला जेल बैकुंठपुर भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कटोरा निवासी जगदीश सोनवानी की रिपोर्ट पर थाना पटना में अपराध क्रमांक 215/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3) एवं 119(1) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि आरोपी मुकेश सोनवानी शराब पीने के लिए लगातार अपने पिता से पैसों की मांग करता था। 5 अगस्त 2026 की सुबह भी आरोपी ने शराब पीने के लिए अपने पिता से 300 रुपये मांगे, जो उसे दे दिए गए। इसके बाद दोपहर में आरोपी ने दोबारा शराब खरीदने के लिए 500 रुपये की मांग की।
बताया गया कि घटना के समय प्रार्थी अपने नवजात पोती के जन्मोत्सव का कार्यक्रम मना रहा था। कार्यक्रम में परिवार एवं समाज के लोग भी मौजूद थे। इसी दौरान पैसों की मांग को लेकर आरोपी का अपने पिता से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पिता के साथ मारपीट करते हुए उनका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया।
घटना के बाद भयभीत प्रार्थी ने थाना पटना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी प्रमोद पांडे के निर्देशन में पटना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी मुकेश सोनवानी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने विधिवत न्यायालय के समक्ष पेश किया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जिला जेल बैकुंठपुर भेज दिया गया।
27°C
Mostly Cloudy