पेट्रोल पंप से लेकर ज्वेलरी शोरूम और इलेक्ट्रॉनिक कांटों तक हुई जांच, माप-तौल उपकरणों के सत्यापन एवं मुद्रांकन की स्थिति परखी गई
राजू खान :-
छत्तीसगढ़/अम्बिकापुर। अम्बिकापुर उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा तथा व्यापारिक प्रतिष्ठानों में माप-तौल की शुद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा बुधवार को अंबिकापुर शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। यह कार्रवाई नियंत्रक, विधिक माप विज्ञान के निर्देशानुसार एवं सहायक नियंत्रक के मार्गदर्शन में की गई।
निरीक्षण दल में विधिक माप विज्ञान विभाग के निरीक्षक श्री सुजान सिंह, अंबिकापुर एवं निरीक्षक श्री मुज़म्मिल अहमद, सूरजपुर शामिल रहे। अधिकारियों ने पेट्रोल पंप, ज्वेलरी प्रतिष्ठान, इलेक्ट्रॉनिक कांटा एवं खुदरा व्यापारिक प्रतिष्ठानों में विधिक माप विज्ञान संबंधी प्रावधानों के अनुपालन की जांच की।
निरीक्षण के दौरान बाबरा पेट्रोलियम, अमर पेट्रोल पंप, कल्याण ज्वेलर्स, किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी, फीनिक्स इलेक्ट्रॉनिक कांटा, रिलायंस मार्ट, सेमको ज्वेलर्स एवं तनिष्क ज्वेलर्स का निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों द्वारा प्रतिष्ठानों में उपयोग किए जा रहे माप-तौल उपकरणों एवं इलेक्ट्रॉनिक कांटों की जांच की गई। साथ ही उपकरणों के नियमानुसार सत्यापन एवं मुद्रांकन, उनकी वैधता तथा विधिक माप विज्ञान से संबंधित आवश्यक प्रावधानों के पालन की स्थिति का परीक्षण किया गया।
पेट्रोल पंपों पर पेट्रोलियम पदार्थों की माप एवं उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा में सामग्री उपलब्ध कराने से संबंधित व्यवस्थाओं की भी जांच की गई। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि उपभोक्ताओं को पेट्रोलियम पदार्थों की मात्रा में किसी प्रकार की कमी या माप-तौल संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।
वहीं, ज्वेलरी प्रतिष्ठानों में आभूषणों की बिक्री के दौरान माप-तौल की शुद्धता, उपयोग किए जा रहे उपकरणों की स्थिति तथा उपभोक्ता हितों से जुड़े आवश्यक वैधानिक प्रावधानों के अनुपालन की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सभी प्रतिष्ठान संचालकों को निर्देशित किया कि उनके द्वारा उपयोग किए जा रहे सभी माप-तौल उपकरणों का नियमानुसार सत्यापन एवं मुद्रांकन कराया जाए तथा विधिक माप विज्ञान अधिनियम एवं संबंधित नियमों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए।
विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए इस प्रकार की जांच एवं निरीक्षण की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। माप-तौल में अनियमितता अथवा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
27°C
Mostly Cloudy