घुमंतू मवेशियों के सुरक्षित संरक्षण और सड़क हादसों पर रोक के लिए विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारी, ग्रामीणों व पशुपालकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील।
राजू खान :-
कोरिया। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिले के सभी ग्रामीणों एवं पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को सड़कों, चौक-चौराहों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर खुला न छोड़ें। उन्होंने कहा कि आवारा मवेशियों के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, जिससे आम नागरिकों के साथ-साथ पशुधन की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है।
कलेक्टर ने बताया कि 16 जुलाई को आयोजित जिला स्तरीय गौधाम समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुरूप जिले में राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों सहित प्रमुख सड़कों पर विचरण करने वाले घुमंतू मवेशियों के सुरक्षित संरक्षण एवं विस्थापन के लिए व्यापक कार्ययोजना बनाई गई है। इसके तहत जनपद पंचायत, नगरीय निकाय, पशुधन विकास विभाग, राजस्व विभाग तथा राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्ग प्राधिकरण को समन्वित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतों के माध्यम से घुमंतू पशुओं को चिन्हित गौधामों तक पहुंचाया जाएगा, जबकि शहरी क्षेत्रों में नगर निकाय काऊ कैचर के जरिए बेसहारा मवेशियों को गौधामों में भेजेंगे। पशुधन विकास विभाग द्वारा उपचार, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, बधियाकरण, टैगिंग तथा रेडियम बेल्ट और रेडियम हॉर्न टेप लगाने का कार्य भी किया जाएगा, जिससे विशेषकर रात्रि में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिलेवासियों से इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहयोग करने और अपने मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
27°C
Mostly Cloudy