छत्तीसगढ़/कोरिया। पटना थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ कथित रूप से अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। सालभर से अलग रह रही पत्नी के हाथ बांधकर उसका जबरन मुंडन करने और घटना का वीडियो बनवाने के आरोप में पुलिस ने पति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पीड़िता ने पति पर जबरन मूत्र पिलाने का भी गंभीर आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी अनुसार, सूरजपुर जिले की रहने वाली पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई है कि करीब 15 वर्ष पूर्व उसने रूनियाडीह निवासी जितेन्द्र से प्रेम विवाह किया था। दंपति के चार बच्चे हैं, जो वर्तमान में पिता के साथ रहते हैं। महिला का आरोप है कि पति ने उसे एक वर्ष पूर्व छोड़ दिया था, जिसके बाद वह आर्थिक तंगी से जूझ रही है।
पीड़िता ने बताया कि समाज के एक व्यक्ति उसकी मदद करते हैं। 11 जून को वह पंडोपारा स्थित रमेश के घर गई थी। आरोप है कि 14 जून की सुबह करीब 7 बजे उसका पति वहां पहुंचा और उसे घर के बाहर बुलाया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा कैंची और ब्लेड से उसके बाल काटकर जबरन मुंडन कर दिया। महिला का कहना है कि इस दौरान उसके दोनों हाथ बांध दिए गए थे और घटना का वीडियो भी बनाया गया।
महिला ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसे जबरन मूत्र पिलाया। उसने कहा कि पति की प्रताड़ना से वह शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान है।
मामले में पटना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
27°C
Mostly Cloudy