राजू खान :-
छत्तीसगढ़/कोरिया।बैकुंठपुर खंदौरा बाजार में बढ़ते अतिक्रमण के विरोध में सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर अतिक्रमण हटाने की मांग की। इस दौरान गांव की महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुषों ने एकजुट होकर प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खंदौरा बाजार की भूमि पर लगातार अतिक्रमण किया जा रहा है, जिससे बाजार की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। अतिक्रमण के कारण छोटे व्यापारियों, किसानों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाजार क्षेत्र में आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से अतिक्रमण का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो भविष्य में विवाद और कानून-व्यवस्था भी प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीणों ने प्रशासन से बाजार भूमि का सीमांकन कर तत्काल अतिक्रमण हटाने तथा दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर जल्द समाधान निकालने की अपील की।
27°C
Mostly Cloudy