बेरोजगार युवाओं को बनाता था निशाना, पुलिस पूछताछ में कई और खुलासों की उम्मीद
राजू खान :-
कोरिया/छत्तीसगढ़।थाना पटना पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी बेरोजगार युवाओं एवं नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को सरकारी और निजी संस्थानों में नौकरी लगाने का झांसा देकर उनसे मोटी रकम ऐंठता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी नंदलाल सिंह पिता सोमारसाय निवासी ग्राम आंजोखुर्द ने थाना पटना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम आंजोखुर्द निवासी किशन तिवारी ने नगर पंचायत पटना में नौकरी दिलाने के नाम पर उससे 2 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। शिकायत के आधार पर थाना पटना में दिनांक 28 फरवरी 2026 को अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत धारा 318(4), 336(3), 338 एवं 238 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पटना पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी। लगातार प्रयास, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी किशन तिवारी पिता जय कुमार तिवारी उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम आंजोखुर्द थाना पटना को 09 जून 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी से अन्य संभावित ठगी के मामलों को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने कई अन्य लोगों को भी नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी की हो सकती है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रमोद पांडे, थाना प्रभारी पटना, सहायक उपनिरीक्षक बाल कृष्ण राजवाड़े सहित थाना पटना के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई से आरोपी को कानून के शिकंजे तक पहुंचाया जा सका।
थाना पटना पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे मांगने वाले व्यक्तियों से सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
27°C
Mostly Cloudy