10 मोटरसाइकिलें और महिंद्रा ट्रैक्टर बरामद, मास्टरमाइंड सहित कई आरोपी गिरफ्तार,
राजू खान :=
कोरिया/छत्तीसगढ़। जिला कोरिया की पटना पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से सक्रिय अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें और एक महिंद्रा ट्रैक्टर बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार थाना पटना में दर्ज विभिन्न वाहन चोरी के मामलों की जांच के दौरान लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरिया के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
विवेचना एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी सूर्यकांत राजवाड़े को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में वाहन चोरी के संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ। आरोपी मास्टर चाबी की मदद से विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करता था। चोरी के बाद वाहनों की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट, पैनल, बैटरी समेत अन्य हिस्सों को बदल दिया जाता था तथा वाहनों को ग्रामीण इलाकों में कम कीमत पर बेच दिया जाता था या किराये पर चलाने के लिए दिया जाता था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के सहयोगियों पवन प्रजापति, गिरजा सूर्यवंशी एवं जमील अंसारी के कब्जे से विभिन्न स्थानों से चोरी की गई मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में एचएफ डीलक्स, होंडा शाइन, प्लैटिना, राइडर एवं यामाहा आर-15 सहित अन्य वाहन शामिल हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सूर्यकांत राजवाड़े ने 28 मार्च 2026 की रात ग्राम कुचला निवासी तरुण कुमार सोलंकी के घर से लगभग 7.50 लाख रुपये कीमत का महिंद्रा ट्रैक्टर चोरी किया था। आरोपी ने ट्रैक्टर को अपने रिश्तेदार ईश्वर प्रसाद के घर, ग्राम बरौल जिला सूरजपुर में छिपाकर रखा था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।
बरामद वाहन थाना पटना क्षेत्र के अलावा सूरजपुर जिले के देवनगर, भुवनेश्वरपुर, बरौल तथा अंबिकापुर के जोड़ा पीपल क्षेत्र समेत अन्य स्थानों से बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि गिरोह द्वारा चोरी किए गए अन्य वाहन भी विभिन्न क्षेत्रों में छिपाकर रखे गए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि गिरोह के संचालन में दो विधि-विरुद्ध बालकों का भी उपयोग किया जा रहा था। मामले में किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा, पुलिस अधीक्षक कोरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश शाह चौबे एवं एसडीओपी राजेश साहू के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रमोद पाण्डेय, इन्द्रजीत सिंह, प्रधान आरक्षक सत्येन्द्र तिवारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक डिकेश्वर , साइबर आरक्षक राघवेन्द्र पुरी, आरक्षक अमृत सरगुजा, आनंद, अजीत राजवाड़े, गुलशन, प्रदीप, संदीप, मनोज राजवाड़े, संजय सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा महिला आरक्षक क कृष्ण कांति कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक कोरिया ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा अपराध संबंधी सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा अपराधियों को संरक्षण न प्रदान करें। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
पटना पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है तथा वाहन चोरी से परेशान लोगों ने राहत महसूस की है।वही पटना क्षेत्र मैं ताला तोड़ हुई चोरियों की जल्द पर्दाफाश करने की बात पटना थाना प्रभारी ने कही।
27°C
Mostly Cloudy