तीन युवकों की मौत से उपजे तनाव के बीच प्रशासन अलर्ट, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त आदेश जारी
राजू खान :-
कोरिया/छत्तीसगढ़। नोगई कांड में तीन युवकों की मौत के बाद जिले के बैकुंठपुर क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। जिला दंडाधिकारी एवं कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर संवेदनशील क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के जमावड़े और हथियारों के प्रदर्शन पर रोक लगा दी है।
पुलिस अधीक्षक कोरिया के प्रतिवेदन के आधार पर जारी आदेश में बताया गया है कि 16 जून की रात ग्राम नोगई में पुराने विवाद को लेकर हुए हिंसक संघर्ष में भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं गंभीर रूप से घायल नागेंद्र सिंह और विवेक सिंह को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान विवेक सिंह ने भी दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
कानून-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन ने महलपारा बैकुंठपुर, ग्राम नोगई तथा कटगोड़ी स्थित केशर प्लॉट क्षेत्र के आसपास प्रतिबंधात्मक आदेश लागू किया है। आदेश के अनुसार चिन्हित क्षेत्रों के 300 मीटर दायरे में किसी भी व्यक्ति, राजनीतिक दल, कर्मचारी संगठन अथवा अन्य समूह द्वारा जुलूस, धरना-प्रदर्शन, सभा या सार्वजनिक जुटान करने की अनुमति नहीं होगी।
इसके अलावा बंदूक, रायफल, पिस्टल, भाला, बल्लम, बर्छा, लाठी सहित किसी भी प्रकार के घातक हथियार तथा विस्फोटक सामग्री लेकर चलने पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन ने आपत्तिजनक नारेबाजी, पोस्टर वितरण और शांति भंग करने वाली गतिविधियों पर भी रोक लगाई है।
हालांकि यह आदेश शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों पर लागू नहीं होगा, जिन्हें अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिए हथियार अथवा लाठी रखने की आवश्यकता होती है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। कलेक्टर द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
27°C
Mostly Cloudy