राजू खान :-
कोरिया/छत्तीसगढ़। पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों और आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ के विरोध में रविवार 17 मई 2026 को बैकुंठपुर ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में जमगहना पेट्रोल पम्प, बैकुंठपुर में धरना-प्रदर्शन एवं घेराव कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा पेट्रोल-डीजल के बढ़े हुए दामों को तत्काल वापस लेने की मांग उठाई। वक्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। ईंधन की कीमतों में वृद्धि का असर रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ रहा है, जिससे लोगों का घरेलू बजट बिगड़ता जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से परिवहन खर्च बढ़ रहा है, जिसका सीधा असर खाद्य सामग्री एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर पड़ रहा है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, ब्लॉक अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े, विकास श्रीवास्तव, विजय सिंह, चांदनी सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बढ़ी हुई कीमतें वापस नहीं ली गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
27°C
Mostly Cloudy