बेख़ौफ़ कलम , बेदाग़ सच... (राजू खान संपर्क - 8839314848)

Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

विज्ञापन हेतु संपर्क करें, राजू ख़ान (8839314848)

कनेर-आम की छांव में सजा जनसमस्या शिविर: 514 आवेदन, 72 का मौके पर निराकरण

Article Image


👉सुशासन तिहार 2026 में उमड़ा जनसैलाब, विधायक-कलेक्टर ने खुद सुनी समस्याएं




राजू खान :-

कोरिया/छत्तीसगढ़।कोरिया सुशासन तिहार 2026 के तहत मंगलवार को बैकुंठपुर जनपद पंचायत के ग्राम सोंस में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कनेर और आम के पेड़ों की ठंडी छांव में आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी और शासन-प्रशासन की सक्रियता का असर साफ नजर आया।

भीषण गर्मी के बीच आयुष विभाग द्वारा पानकम (शीतल पेय) की व्यवस्था की गई, जिससे लोगों को राहत मिली। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहितकारी कदम बताया।

कार्यक्रम में बैकुंठपुर विधायक श्री भईयालाल राजवाड़े ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और श्रम कार्ड जैसी योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिकारियों को इनके व्यापक प्रचार-प्रसार और आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।




शिविर में कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित कराया। उन्होंने किसानों से एग्रीस्टेक पंजीयन कराने की अपील करते हुए कहा कि इससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिलेगा। साथ ही नैनो यूरिया और डीएपी के उपयोग तथा मृदा परीक्षण के प्रति भी किसानों को प्रेरित किया।

कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग को महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी कार्यों में तेजी लाने और तहसीलदारों को शिविर स्थल पर ही आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी गई और हितग्राहियों को एचपीवी कार्ड, आयुष्मान व वय वंदन कार्ड, पोषण आहार बॉक्स, श्रमिक पंजीयन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास (ग्रामीण) के तहत मकान की चाबी एवं प्रमाण पत्र, मछली जाल और आइस बॉक्स का वितरण किया गया।









अन्नप्राशन कार्यक्रम में शामिल होकर कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित किया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुगर, बीपी सहित अन्य बीमारियों की निःशुल्क जांच की गई, जबकि पशुपालन विभाग ने पशुपालन से जुड़े रोजगार और रोग नियंत्रण की जानकारी दी।

पुलिस विभाग ने यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया और हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग के साथ नशे में वाहन न चलाने की अपील की। वहीं उद्योग विभाग ने स्वरोजगार योजनाओं के तहत उपलब्ध ऋण सुविधाओं की जानकारी दी।

शिविर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इस क्लस्टर स्तरीय आयोजन में आसपास के कई गांवों से ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

जनपद पंचायत बैकुंठपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ए. पन्ना के अनुसार शिविर में कुल 514 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 72 का मौके पर ही निराकरण किया गया। महतारी वंदन योजना के तहत बड़ी संख्या में महिलाओं ने ई-केवाईसी कराया, जबकि अन्य सेवाओं के लिए भी लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मोहित पैकरा, अपर कलेक्टर श्री सुरेन्द्र वैद्य, एसडीएम बैकुंठपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


शेयर करें:
♦ इस खबर को आगे शेयर जरूर करें ♦