पीएस अकैडमी पटना में कार्यक्रम, आत्मरक्षा और कानून की दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
राजू खान :-
कोरिया/छत्तीसगढ़।जिला पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे के निर्देशन में कोरिया जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बच्चों एवं युवाओं के लिए जागरूकता अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना पटना क्षेत्र के पीएस अकैडमी विद्यालय, पटना में छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में थाना पटना के प्रधान आरक्षक सत्येंद्र तिवारी एवं महिला आरक्षक क्रांति कुशवाह ने बच्चों को सामाजिक एवं कानूनी विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस दौरान बच्चों को “गुड टच–बैड टच” के बारे में सरल भाषा में समझाया गया, ताकि वे अपनी सुरक्षा को लेकर सतर्क रह सकें।
पुलिस टीम ने बच्चों को यह भी बताया कि किसी भी प्रकार की असहज स्थिति में बिना डर के अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को तुरंत सूचना दें। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि नाबालिगों से नशा मंगाना, खरीदना, देना या इसके लिए प्रेरित करना कानूनन गंभीर अपराध है।
कार्यक्रम के दौरान संवादात्मक तरीके से आत्मरक्षा, सतर्कता एवं कानून की बुनियादी जानकारी दी गई, जिससे बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ा और वे जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित हुए।
जिला पुलिस ने बताया कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि बच्चों एवं युवाओं में सुरक्षा, कानून और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता और सशक्त हो सके।
27°C
Mostly Cloudy