राजू खान :-
कोरिया/छत्तीसगढ़। कोरिया प्रीमियर लीग के दूसरे मुकाबले में क्रिकेट प्रेमियों को जबरदस्त रोमांच देखने को मिला, जहां टीचर्स इलेवन रामानुजनगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूथ क्लब खरवत को मात दी। मुकाबला शुरू से लेकर अंत तक रोमांच से भरपूर रहा।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला टीचर्स इलेवन के लिए बिल्कुल सटीक साबित हुआ। पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूथ क्लब खरवत ने 12 ओवर में 118 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
टीम की ओर से राका ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए महज 18 गेंदों में 42 रन जड़े, जिसमें चार चौके और चार छक्के शामिल रहे। वहीं शिव ने भी तूफानी अंदाज में सिर्फ 8 गेंदों पर 30 रन ठोककर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया, जिसमें पांच गगनचुंबी छक्के शामिल रहे।
टीचर्स इलेवन की ओर से गेंदबाजी में सुखदेव ने कहर बरपाया। उन्होंने मात्र 2 ओवर में 9 रन देकर 4 विकेट झटकते हुए विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। वहीं पवन ने भी शानदार सहयोग देते हुए 3 ओवर में 16 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
118 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीचर्स इलेवन रामानुजनगर ने आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी करते हुए 11.2 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
टीम की जीत में अनिल ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 19 गेंदों में 38 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल रहे। वहीं पवन ने भी 14 गेंदों में 26 रन बनाकर जीत को आसान बना दिया।
यूथ क्लब खरवत की ओर से गेंदबाजी में अनिल ने 3 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि उत्तम को 1 विकेट हासिल हुआ।
मैच में शानदार गेंदबाजी के लिए सुखदेव को “मैन ऑफ द मैच” से नवाजा गया।
इस जीत के साथ टीचर्स इलेवन रामानुजनगर ने लीग में अपनी मजबूत दावेदारी पेश करते हुए विरोधी टीमों को साफ संदेश दे दिया है।
27°C
Mostly Cloudy