सूरजपुर में राष्ट्रीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, वनांचल क्षेत्रों में शिविर लगाने के निर्देश
राजू खान
सूरजपुर/छत्तीसगढ़। सूरजपुर स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सूरजपुर जिले में संभागीय संयुक्त संचालक, संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं सरगुजा संभाग डॉ. अनिल कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के सभाकक्ष में सम्पन्न हुई, जिसमें विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान सभी विकासखंडों की कार्यप्रणाली का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड निर्माण, वय वंदना कार्ड, मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, नियमित टीकाकरण, कुष्ठ उन्मूलन, मलेरिया नियंत्रण, गैर संचारी रोग, अंधत्व निवारण, मुख स्वास्थ्य कार्यक्रम सहित अन्य योजनाओं की वर्ष 2025-26 के लक्ष्य के विरुद्ध उपलब्धियों की समीक्षा की गई। जिन योजनाओं में प्रगति अपेक्षाकृत कम रही, उनके लिए आगामी वित्तीय वर्ष में विशेष कार्ययोजना बनाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए।
वनांचल क्षेत्रों पर विशेष फोकस
संभागीय संयुक्त संचालक ने दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
डोर-टू-डोर सर्वे के निर्देश
आभा आईडी एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण की धीमी प्रगति पर चिंता जताते हुए छूटे हुए हितग्राहियों की पहचान के लिए घर-घर सर्वे करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं से वंचित न रहे।
मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर जोर
बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए एएनसी पंजीकरण, उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान और शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
टीबी व कुष्ठ उन्मूलन अभियान तेज करने के निर्देश
टीबी मुक्त अभियान के तहत अधिक से अधिक मरीजों की पहचान (नोटिफिकेशन) करने और कुष्ठ रोग की रोकथाम के लिए हर तीन माह में गांवों में स्किन कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए गए, ताकि समय पर इलाज सुनिश्चित किया जा सके।
गैर संचारी रोगों की अनिवार्य स्क्रीनिंग
गैर संचारी रोगों के अंतर्गत हाइपरटेंशन, मधुमेह, मुख, स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग एवं नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश समस्त खंड चिकित्सा अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में जिला स्तर के समस्त नोडल अधिकारी, कार्यक्रम प्रबंधक, सलाहकार, खंड चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी, डाटा प्रबंधक एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
27°C
Mostly Cloudy