पॉक्सो, आईटी एक्ट, मोटर व्हीकल नियम और निःशुल्क विधिक सहायता पर विस्तार से जानकारी
राजू खान :-
सूरजपुर/छत्तीसगढ़। शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज सूरजपुर में आज विधिक जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश (फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालय) श्री आनंद प्रकाश वारियाल ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ न्यायाधीश एवं महाविद्यालय प्राचार्य द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
🔹 पॉक्सो एक्ट की गंभीरता पर जोर
अपने संबोधन में न्यायाधीश श्री वारियाल ने पॉक्सो एक्ट 2012 के प्रावधानों को सरल भाषा में समझाते हुए छात्रों को इसके अंतर्गत आने वाले अपराधों की गंभीरता से अवगत कराया। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से बताया कि ऐसे अपराधों के क्या दुष्परिणाम होते हैं और न्यायिक प्रक्रिया कैसे संचालित होती है।
मोबाइल और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग की सलाह
सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आज मोबाइल हर व्यक्ति के पास है, लेकिन इसका गलत उपयोग गंभीर कानूनी समस्याएं पैदा कर सकता है। उन्होंने छात्रों को इंटरनेट का उपयोग केवल शिक्षा और सकारात्मक कार्यों के लिए करने की सलाह दी।
🔹 निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी
विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम 1987 के तहत उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को तहसील न्यायालय से लेकर सर्वोच्च न्यायालय तक निःशुल्क कानूनी सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में लोग गलत कदम उठा लेते हैं, जबकि विधिक सहायता पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है।
उन्होंने नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 पर संपर्क करने की अपील भी की।
🔹 मोटर व्हीकल एक्ट और यातायात नियम
मोटर व्हीकल एक्ट पर प्रकाश डालते हुए न्यायाधीश ने ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन बीमा को अनिवार्य बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि इन दस्तावेजों के अभाव में दुर्घटना की स्थिति में कानूनी और आर्थिक दोनों प्रकार की परेशानी उठानी पड़ सकती है।
🔹 छात्रों ने पूछे सवाल, मिला समाधान
कार्यक्रम के दौरान छात्रों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका न्यायाधीश ने सरल भाषा में उत्तर दिया। इससे कार्यक्रम और भी प्रभावी एवं ज्ञानवर्धक बन गया।
🔹 आभार एवं संचालन
कार्यक्रम का संचालन लेक्चरर विवेक मेहता ने रोचक ढंग से किया, वहीं लेक्चरर अवधेश जी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्राचार्य एन. योगेश, शिक्षकगण एवं पैरालीगल वॉलंटियर्स सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
27°C
Mostly Cloudy