राजू खान:-
कोरिया/छत्तीसगढ़। कोरिया वन विभाग ने अवैध साल लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करों के मंसूबों पर करारा प्रहार किया है। कोरिया वन मंडल के देवगढ़ परिक्षेत्र में वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) के निर्देश पर यह संयुक्त अभियान संचालित किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कक्ष क्रमांक 374 उत्तर तर्रा क्षेत्र में कोरिया और मनेन्द्रगढ़ वन विभाग की संयुक्त टीम ने देर शाम से सघन गश्त शुरू की, जो पूरी रात लगातार जारी रही। इसी दौरान आज तड़के करीब 4 बजे राधा नगर तिराहा के पास एक संदिग्ध मारुति वैन को रोककर जांच की गई।
संयुक्त वन विभाग की रातभर गश्त, तड़के 4 बजे दबोचा गया संदिग्ध वाहन
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में प्राकृतिक साल वृक्षों की चिरान लकड़ी बरामद हुई। इस कार्रवाई से वन विभाग में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि रायपुर पंजीयन क्रमांक वाली इस वैन का उपयोग पूर्व में भी अवैध लकड़ी परिवहन के लिए किया जाता रहा हो सकता है।
पहले भी तस्करी में संलिप्तता की आशंका, आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी
वन विभाग ने तत्काल वाहन को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, तस्करी में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई वन संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अवैध कटाई पर प्रभावी रोक लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
27°C
Mostly Cloudy