बेख़ौफ़ कलम , बेदाग़ सच... (राजू खान संपर्क - 8839314848)

Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

विज्ञापन हेतु संपर्क करें, राजू ख़ान (8839314848)

कोरिया प्रीमियर लीग 2026 का भव्य आगाज़, सिरसी इलेवन भैयाथान ने पहले ही मैच में लहराया जीत का परचम

Article Image





राजू खान :-

कोरिया/छत्तीसगढ़। बैकुंठपुर प्रीमियर लीग (केपीएल) 2026 का शुभारंभ इस बार बेहद भव्य और आधुनिक अंदाज में हुआ। रंगारंग उद्घाटन समारोह में आतिशबाजी, हाईटेक व्यवस्था और उत्साहित दर्शकों की मौजूदगी ने आयोजन को यादगार बना दिया।

उद्घाटन समारोह कलेक्टर कोरिया श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मुख्य आतिथ्य, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे एवं एसईसीएल के मुख्य महाप्रबंधक नरेश प्रसाद के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ। अतिथियों ने केपीएल ट्रॉफी का अनावरण किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।

अपने संबोधन में नरेश प्रसाद ने खिलाड़ियों को अनुशासन और टीम भावना के साथ खेलने की सीख दी, वहीं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे ने खेलों में अनुशासन की अहमियत पर जोर देते हुए बेहतर प्रतियोगिता की उम्मीद जताई। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस बार की व्यवस्थाएं और तकनीकी उपयोग इतना शानदार है कि यह किसी बड़े राष्ट्रीय टूर्नामेंट, यहां तक कि आईपीएल के उद्घाटन जैसा अनुभव दे रहा है। उन्होंने आयोजन समिति को बधाई देते हुए केपीएल सीजन-02 के लिए शुभकामनाएं दीं।













पहले मुकाबले में सिरसी इलेवन की शानदार जीत

टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में सिरसी इलेवन भैयाथान ने नाइट राइडर्स सूरजपुर को 29 रनों से हराकर विजयी शुरुआत की।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सिरसी इलेवन ने 12 ओवर में 139 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के बल्लेबाज सादिक ने मात्र 22 गेंदों में 53 रन ठोकते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया, जिसमें 6 छक्के और 2 चौके शामिल थे। बरेलाल ने भी 17 गेंदों में 35 रन की उपयोगी पारी खेली।

नाइट राइडर्स सूरजपुर की ओर से अमन ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 15 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, जबकि गोलू को 1 सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी नाइट राइडर्स सूरजपुर की टीम 110 रन पर सिमट गई। टीम के बल्लेबाज विष्णु ने 14 गेंदों में 45 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 6 छक्के शामिल रहे। सागर ने 31 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।

सिरसी इलेवन की ओर से गेंदबाजी में शिवम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट झटके। विकास ने भी 3 विकेट लेकर जीत में अहम योगदान दिया।

शिवम बने ‘मैन ऑफ द मैच’

उत्कृष्ट गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए शिवम को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।इस जीत के साथ सिरसी इलेवन भैयाथान ने केपीएल 2026 में अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए खिताब की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं।

शेयर करें:
♦ इस खबर को आगे शेयर जरूर करें ♦