(राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिले में जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को मिला जीवन उपयोगी मार्गदर्शन)
कोरिया/छत्तीसगढ़। कोरिया जिले में संचालित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कोरिया श्री रवि कुमार कुर्रे ने गुरुवार को मार्गदर्शन संस्थान शिक्षा महाविद्यालय तथा शनिवार को डीएवी पब्लिक स्कूल, पांडवपारा में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को संबोधित किया।
पुलिस अधीक्षक श्री कुर्रे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यातायात में सबसे बड़ा जीवन दाता सावधानी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने जीवन के अत्यंत महत्वपूर्ण मोड़ पर हैं, जहां से उन्हें अपने भविष्य की दिशा तय करनी है। ऐसे में लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के माध्यम से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने समय के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि बीता हुआ समय कभी वापस नहीं आता, केवल पछतावा शेष रह जाता है।
नशा मुक्ति पर जोर
एसपी श्री कुर्रे ने नशा मुक्ति विषय पर विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि नशा सर्वनाश की जड़ है और इसे किसी भी रूप में अपनाना नहीं चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि यदि उनके आसपास या परिवार में कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में है तो उसे इससे बाहर निकलने के लिए प्रेरित करें। साथ ही जिले में कहीं भी अवैध नशीले पदार्थों के विक्रय की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
साइबर अपराध से सतर्क रहने की अपील
साइबर जागरूकता के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। इससे बचाव के लिए सोशल मीडिया का सीमित उपयोग करें, अज्ञात व्यक्तियों से संवाद न करें, अनजान फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें तथा ओटीपी और पासवर्ड किसी से साझा न करें। फर्जी ई-मेल, अनजान लिंक, लॉटरी, कूपन और प्रलोभन देने वाले विज्ञापनों से दूर रहने की सलाह दी गई।
सड़क सुरक्षा नियमों का पालन जरूरी
सड़क सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं अत्यंत कष्टदायक होती हैं, जिन्हें नियमों का पालन कर रोका जा सकता है। नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन न करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, तेज गति और लापरवाही से वाहन न चलाने की अपील की गई।
इसके अतिरिक्त उन्होंने जल संरक्षण, स्वच्छता, पाक्सो अधिनियम, प्लास्टिक के सही निस्तारण, स्वास्थ्य, शिक्षा, आत्मविश्वास, परिवार के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण, अनुशासन एवं खेल के महत्व पर भी सरल एवं प्रभावी शब्दों में विद्यार्थियों को जागरूक किया।
यातायात विभाग द्वारा विस्तृत जानकारी
कार्यक्रम में यातायात प्रभारी उप निरीक्षक बीरबल राजवाड़े द्वारा राहगीर योजना एवं गुड सेमेरिटन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। वहीं हवलदार महेश मिश्रा ने यातायात नियमों, संकेत चिन्हों, ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया, नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने, दुर्घटना के कारण, दुर्घटना की स्थिति में चालक के कर्तव्य, मोटर व्हीकल एक्ट की धाराएं एवं निर्धारित जुर्माने की जानकारी प्रदान की। विद्यार्थियों एवं विद्यालयीन स्टाफ द्वारा पूछे गए प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर दिए गए तथा सभी को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।
उपस्थित गणमान्यजन
इस अवसर पर मार्गदर्शन संस्था के संस्थापक निगमेंद्र प्रताप सिंह, प्राचार्य श्रीमती अर्पणा सिंह, डीएवी पब्लिक स्कूल पांडवपारा के प्राचार्य पोषण लाल वर्मा, यातायात विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयीन स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।