सूरजपुर/छत्तीसगढ़। सूरजपुर कलेक्टर एस. जयवर्धन ने आज कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों की समीक्षा बैठक लेकर विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक में कलेक्टर ने धान के अतिरिक्त अन्य फसलों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर देते हुए जिले में फसल विविधीकरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान मिलेट्स उत्पादन, मूंग, उड़द, मसूर जैसे दलहन फसलों, रबी फसल एवं गिरदावरी कार्य, मूंगफली उत्पादन की स्थिति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने किसानों को बहुफसली खेती की ओर प्रेरित करने एवं आयवर्धन के अवसर बढ़ाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
राष्ट्रीय बागवानी मिशन के अंतर्गत उद्यानिकी विभाग की योजनाओं की प्रगति, ऑयल पाम प्लांटेशन, नर्सरियों में पौध उत्पादन एवं बिक्री, लीची उत्पादन, वर्मी कम्पोस्ट, मधुमक्खी पालन एवं बांस मिशन की भी समीक्षा की गई।
बैठक में मत्स्य पालन विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने मत्स्य पालन को प्रोत्साहित करने एवं जलाशयों के समुचित उपयोग के निर्देश दिए।
इसके साथ ही पशुधन विकास विभाग अंतर्गत बकरा वितरण, सुकर त्रयी एवं कुक्कुट पालन योजनाओं की समीक्षा करते हुए लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।