राजू खान :-
कोरिया/छत्तीसगढ़। थाना पटना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसाभारी बुढार में 18 मई 2026 को एक महिला की हत्या का गंभीर मामला सामने आया। प्रार्थी जगमोहन पंडो, पिता स्व. भंडारी पंडो, निवासी ग्राम परसाभारी बुढार की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी रंगसाय पंडो के खिलाफ अपनी पत्नी सोनामती पंडो की हत्या करने का मामला दर्ज किया है।
रिपोर्ट के अनुसार आरोपी ने चरित्र शंका के चलते डंडे से हमला कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। मामले में थाना पटना में अपराध क्रमांक 139/2026 धारा 103 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रमोद पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पहुँची और घटनास्थल निरीक्षण, पंचनामा, गवाहों के बयान तथा आवश्यक जप्ती कार्यवाही की गई। जांच के दौरान आरोपी रंगसाय पंडो द्वारा पत्नी की हत्या करना प्रमाणित पाए जाने पर उसे 19 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर जप्त किया गया।
घटना के बाद मृतिका और आरोपी के चार छोटे बच्चे — दो लड़कियाँ एवं दो लड़के — माता-पिता के संरक्षण से वंचित हो गए। बच्चों की सुरक्षा और देखभाल को ध्यान में रखते हुए शासन के निर्देशानुसार चाइल्ड केयर टीम को बुलाया गया। 112 वाहन चालक महेश गोयल की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित रूप से चाइल्ड केयर संस्था में दाखिल कराया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर माननीय जिला एवं सत्र न्यायालय बैकुण्ठपुर के समक्ष न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। थाना पटना पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्यवाही जारी है।
27°C
Mostly Cloudy