कोरिया/छत्तीसगढ़।-जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के व्यस्ततम घड़ी चौक क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े बाइक की डिक्की तोड़कर 30 हजार रुपये चोरी किए जाने की घटना से हड़कंप मच गया। वारदात उस समय हुई जब पंचायत सचिव बैंक से राशि निकालने के बाद स्टाम्प लेने बाजार पहुंचे थे। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पंचायत सचिव कबीर दास ने जिला सहकारी बैंक से 30 हजार रुपये की राशि निकाली थी। बैंक से निकलने के बाद वे घड़ी चौक स्थित पांडेय टाइपिंग दुकान के समीप अपनी बाइक खड़ी कर स्टाम्प खरीदने चले गए। इसी दौरान पहले से रेकी कर रहे दो युवकों ने मौके का फायदा उठाते हुए वारदात को अंजाम दे दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक युवक नीली वर्दी पहने हुए था तथा उसके गले में बैच भी लटका हुआ था। युवक लंगड़ाते हुए बाइक के पास पहुंचा और कुछ ही सेकंड में डिक्की का लॉक तोड़कर उसमें रखे 30 हजार रुपये निकाल लिए। वहीं उसका साथी पहले से बाइक स्टार्ट कर पास में खड़ा था। नकदी हाथ लगते ही दोनों आरोपी तेजी से मौके से फरार हो गए।
घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। जब पंचायत सचिव वापस लौटे तो बाइक की डिक्की टूटी हुई मिली और उसमें रखी नकदी गायब थी। इसके बाद उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों को जानकारी दी तथा पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए। प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपी कैमरे में कैद हो गए हैं। फुटेज में एक आरोपी नीली वर्दी और गले में बैच लगाए नजर आ रहा है। इससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने लोगों को भ्रमित करने के लिए किसी कर्मचारी या अधिकारी जैसा वेश धारण किया था।
पुलिस का मानना है कि आरोपी बैंक से ही पंचायत सचिव पर नजर रखे हुए थे और उचित मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद घड़ी चौक क्षेत्र के व्यापारियों और आम नागरिकों में चिंता का माहौल है। लोगों ने बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और बैंक से निकलने वाले ग्राहकों की सुरक्षा को लेकर प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है।